Ranchi News: राजधानी के धुर्वा क्षेत्र से 2 जनवरी को लापता हुए दो बच्चों का सुराग 8 दिन बाद भी पुलिस नहीं लगा पाई है। इस मामले को लेकर अब सियासत गरमा गई है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ तीखा आक्रोश व्यक्त किया।
पीड़ित परिवार से मिले दिग्गज नेता
भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी और रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू सहित कई नेताओं ने धुर्वा स्थित पीड़ित परिवार के घर जाकर उन्हें ढांढस बंधाया। नेताओं ने अब तक हुई पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी ली और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
भाजपा की बड़ी चेतावनी: ‘मंगलवार को एसएसपी दफ्तर का घेराव’
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “अगर सोमवार शाम तक बच्चों की बरामदगी नहीं होती है, तो मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता रांची एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।” उन्होंने कहा कि एक तरफ राजधानी से बच्चे गायब हैं और दूसरी तरफ राज्य के मुखिया विदेश दौरे की तैयारी में व्यस्त हैं। सरकार की संवेदनाएं शून्य हो चुकी हैं।
विधि-व्यवस्था पर सवाल, “अपराधियों ने दी खुली चुनौती”
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने राज्य की कानून व्यवस्था को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि जिस वीआईपी क्षेत्र से बच्चे अगवा हुए हैं, वहां से हर दिन जज, अधिकारी और नेता गुजरते हैं। इसके बावजूद ऐसी घटना पुलिस प्रशासन की विफलता है। साल की शुरुआत में ही अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम देकर सरकार को सीधी चुनौती दी है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के न्याय के लिए उनके साथ खड़ा है।
अब तक क्या हुआ?
2 जनवरी को धुर्वा इलाके से बच्चे रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है, लेकिन एक हफ्ते से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी बच्चों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर काफी असुरक्षा का भाव और गुस्सा देखा जा रहा है।



