देवघर-बासुकीनाथ में श्रावणी मेला शुरू, CM हेमंत सोरेन ने कांवरियों का किया स्वागत

CM हेमंत सोरेन ने देश-विदेश से आने वाले कांवरियों और शिवभक्तों का स्वागत किया

श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ: देवघर-बासुकीनाथ में उमड़ा आस्था का सैलाब, CM हेमंत सोरेन ने कांवरियों का किया स्वागत

Ranchi: पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही झारखंड की धरती शिवमय हो गई है। देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ हो गया है। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे कांवरियों और शिवभक्तों के जयघोष से दोनों धार्मिक नगरी गूंज रही हैं।

इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने देश-विदेश से आने वाले सभी कांवरियों और शिवभक्तों का झारखंड की धरती पर स्वागत, अभिनंदन और जोहार किया है। मुख्यमंत्री ने बाबा भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।

CM हेमंत सोरेन ने श्रद्धालुओं का किया अभिनंदन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि कांवरियों की श्रद्धा, आस्था और कठिन तपस्या अवश्य सफल होगी। उन्होंने कामना की कि पवित्र श्रावण मास सभी के लिए मंगलकारी साबित हो और बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे।

श्रावणी मेले के दौरान देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम और दुमका के बासुकीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला का सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन राज्य सरकार की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से विभिन्न स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं।

सीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि उनकी आध्यात्मिक यात्रा सुरक्षित और सुखद हो सके।

कल्पना सोरेन ने भी दी श्रावण मास की शुभकामनाएं

श्रावण मास की शुरुआत पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी प्रदेशवासियों और शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रावण का पवित्र महीना अगाध श्रद्धा, अटूट आस्था और शिवभक्ति का प्रतीक है।

उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की कि उनकी असीम कृपा समस्त झारखंडवासियों पर बनी रहे और देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं की श्रावणी यात्रा मंगलमय हो।

बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धा

श्रावणी मेला झारखंड के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। सावन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण करने के बाद बासुकीनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं। श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही दोनों धार्मिक स्थलों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है।

Exit mobile version