Jharkhand News: पलामू पुलिस ने नशा माफियाओं की कमर तोड़ते हुए गुरुवार को अवैध अफीम की खेती के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक (SP) के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस ने नौडीहा बाजार और छत्तरपुर के सुदूर जंगली इलाकों में छापेमारी कर कुल 13 एकड़ में लहलहा रही अफीम (पोस्ता) की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।
बिहार बॉर्डर के जंगलों में बड़ी कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार सीमा से सटे नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध खेती हो रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए छत्तरपुर एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में धावा बोला। यहां करीब 10 एकड़ भूमि पर लगी अफीम की फसल पर पुलिस ने ट्रैक्टर चलवा दिया और डंडों से पीटकर फसल को बर्बाद कर दिया।
छत्तरपुर के चिपो गांव में भी चला अभियान
इसके अलावा, दूसरी कार्रवाई छत्तरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम-चिपो के जंगली इलाके में की गई। यहां भी तस्करों ने करीब 03 एकड़ जमीन पर पोस्ता की खेती कर रखी थी, जिसे पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने नष्ट कर दिया। इस पूरे अभियान में छत्तरपुर पुलिस निरीक्षक, नौडीहा बाजार थाना, कुहकुहकला थाना और वन विभाग के कर्मी शामिल रहे।
माफियाओं को सख्त चेतावनी
पलामू एसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का यह ‘सघन अभियान’ रुकने वाला नहीं है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में जो भी व्यक्ति अवैध अफीम की खेती या कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े: लोकपाल से Nishikant Dubey को बड़ी राहत: कांग्रेस पर बरसे भाजपा सांसद, कहा- ‘मेरा मुंह बंद नहीं हो सकता’



