
पटना : दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने गुरुवार रात पटना स्थित राजभवन में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक बिहारी व्यंजन परोसे गए, जिन्हें कम तेल-मसाले में तैयार किया गया था।
माननीय राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खां ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के राज भवन, पटना पहुंचने पर उनका स्वागत किया। pic.twitter.com/i44waIxgb7
— Raj Bhavan, Bihar (@GovernorBihar) May 29, 2025
डिनर का यह खास आयोजन बिहार की सांस्कृतिक मेहमाननवाज़ी का प्रतीक बन गया।
PM Modi News: राजभवन में भव्य स्वागत और पारंपरिक भोजन
प्रधानमंत्री रात 9:05 बजे राजभवन पहुंचे, जहां राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने यहीं रात्रि भोजन किया, जिसमें ताजी हरी सब्जियों, सलाद और स्थानीय स्वादों की झलक थी। मेन्यू को दो दिन पहले ही अंतिम रूप दे दिया गया था ताकि प्रधानमंत्री की पसंद और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखा जा सके।
राजभवन में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। केवल आवश्यक स्टाफ को ही अंदर आने की अनुमति थी। अन्य कर्मियों को दोपहर 1 बजे के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
PM Modi News: एयरपोर्ट पर सीएम और राज्यपाल ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री के बिहार आगमन पर पटना एयरपोर्ट पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनका भव्य स्वागत किया। भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से उतरते ही मुख्यमंत्री ने फूलों का गुलदस्ता भेंट कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से कुशलक्षेम भी पूछी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्विटर पर भी प्रधानमंत्री के आगमन का स्वागत करते हुए लिखा कि “बिहारवासियों की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत है।”
व्यस्त रहा दौरे का पहला दिन
पटना में अपने पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठक भी की। इसके बाद वे राजभवन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्राम किया।



