झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा मंगलवार को पलामू के चंद्रा रेजिडेंस में बूथ स्तरीय सम्मेलन सह BLA-2 प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झामुमो के महासचिव विनोद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और BLA-2 सदस्यों से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
‘एक भी वैध मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए’
विनोद पाण्डेय ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और किसी भी योग्य मतदाता का नाम नहीं कटना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि झामुमो के कार्यकर्ता हमेशा जमीनी स्तर पर जनता के बीच रहकर काम करते हैं और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
BLA-2 सदस्यों को दिया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण शिविर में विनोद पाण्डेय ने BLA-2 सदस्यों को मतदाता सूची पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और संगठनात्मक जिम्मेदारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का सत्यापन करने और नए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का आग्रह किया।
बूथ संगठन को मजबूत बनाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने, मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया गया।
प्रशिक्षण शिविर में मतदाता सूची से जुड़े विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी भी विस्तार से दी गई। साथ ही संगठनात्मक अनुशासन, समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं देंगे और पार्टी संगठन को प्रत्येक बूथ पर और अधिक मजबूत बनाएंगे।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिन्हा, केंद्रीय समिति सदस्य एवं उपाध्यक्ष सन्नू सिद्दीकी, चंदन सिन्हा, सुशीला मिश्रा, सलोनी टोप्पो, हाजी ललन, जुगल चंद्रवंशी, रंजन चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और BLA-2 सदस्य उपस्थित रहे।
