BiharHeadlinesJharkhandNationalPoliticsStatesTrending

बिहार के बदलते सियासी समीकरण पर झामुमो का हमला

विनोद पांडेय बोले- भाजपा ने की नीतीश कुमार की ‘राजनीतिक हत्या’

बिहार के बदलते सियासी समीकरण पर झामुमो का हमला, विनोद पांडेय बोले- भाजपा ने की नीतीश कुमार की ‘राजनीतिक हत्या’

रांची: बिहार की राजनीति में हाल के घटनाक्रम और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं के बीच झारखंड की सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने आरोप लगाया कि भाजपा ने एक सोची-समझी रणनीति के तहत नीतीश कुमार की “राजनीतिक हत्या” कर दी है और बिहार की जनता के जनादेश का अपमान किया है।

‘भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर’

विनोद पांडेय ने बुधवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि बिहार की जनता ने जिस नेतृत्व पर भरोसा जताकर जनादेश दिया था, उसी नेतृत्व को राजनीति की मुख्यधारा से दूर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से भाजपा का “चाल, चरित्र और चेहरा” एक बार फिर सामने आ गया है।

पहले से रची जा रही थी साजिश: झामुमो

झामुमो महासचिव ने दावा किया कि बिहार में भाजपा की यह रणनीति काफी समय से चल रही थी। उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय में जनता दल (यूनाइटेड) का विलय भाजपा में कराया जा सकता है।

पांडेय ने कहा कि बिहार की राजनीति में जो बदलाव दिख रहे हैं, वह भाजपा की योजनाबद्ध राजनीतिक चाल का हिस्सा है।

झारखंड में नहीं चलेगी ऐसी राजनीति

विनोद पांडेय ने यह भी कहा कि झारखंड में भाजपा की ऐसी किसी भी राजनीतिक साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि झामुमो की भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई पहले भी थी और आगे भी जारी रहेगी।

लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का दावा

झामुमो नेता ने कहा कि झारखंड की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हमेशा सजग रही है और राज्य में भाजपा की किसी भी राजनीतिक रणनीति को कामयाब नहीं होने देगी।

बिहार की राजनीति में जारी उठापटक के बीच झामुमो का यह बयान राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष और भाजपा के बीच जारी राजनीतिक टकराव को और तेज कर सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button