
उलिहातु (खूंटी):धरती आबा भगवान Birsa Munda की 150वीं जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर आज उनके पैतृक गांव उलिहातु में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बिरसा मुंडा कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस समारोह में माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार, माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन और जनजातीय कार्य मंत्रालय (भारत सरकार) के मंत्री श्री जुएल ओराम सम्मिलित हुए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए झारखंड के वीर शहीदों को नमन किया और राज्य के विकास की प्रतिबद्धता दोहराई।
वीरों की धरती है झारखंड: CM
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन (Birsa Munda) में कहा कि झारखंड वीरों की धरती है। उन्होंने कहा, “हमारे कई वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर झारखंड राज्य को जन्म दिया है। हमारे वीर शहीदों ने ही हम राज्यवासियों को राह दिखाई एवं मजबूत बनाया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिनके संघर्ष, अथक प्रयास और बलिदान से इस राज्य का निर्माण हुआ है, उनके सपनों का झारखंड बनाना हम सभी का कर्तव्य है। इस मौके पर उन्होंने अपने पिता आदरणीय दिशोम गुरु बाबा शिबू सोरेन को याद करते हुए भावुक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “आज के इस घड़ी में उनकी (शिबू सोरेन) कमी हम सभी को खल रही है। जब घर से कोई बुजुर्ग सदस्य विदा लेता है तब उस घर पर पूरा सन्नाटा पसर जाता है, आज कहीं न कहीं इस पीड़ा के दौर से मैं गुजर रहा हूं।”
आदिवासी और जनजातीय समुदाय विकास के केंद्र में: CM
श्री सोरेन ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि राज्य सरकार आदिवासी एवं जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास को दृष्टिगत रखते हुए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का संचालन कर रही है।
उन्होंने जोर देकर कहा, “हमारी सरकार रांची के राज्य मुख्यालय से नहीं, बल्कि गांव से चलने वाली सरकार है। हमारी सरकार अपने कार्यों का 50% खर्च माताओं, बहनों, बेटियों तथा गांव, गरीब, किसान के कल्याणार्थ कर रही है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य 25 वर्ष का हो गया है और अब युवा वर्ग के साथ मिलकर इस राज्य को देश की अग्रणी श्रेणी में खड़ा करने का लक्ष्य है।
महिला सशक्तिकरण और बुनियादी सुविधाओं पर जोर: CM
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को मजबूत बनाने को लेकर विशेष कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक लोगों को इलाज और पढ़ाई के लिए महाजनों से उधार लेना पड़ता था, लेकिन अब सरकार इन परिस्थितियों को बदल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ खेल, पर्यटन, रोजगार तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास पर कई महत्वपूर्ण काम किए जाएंगे।
इस समारोह का आयोजन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि देने के उपरांत किया गया। मौके पर विधायक श्री विकास सिंह मुंडा, श्री रामसूर्या मुंडा, श्री सुदीप गुड़िया, राज्य के मुख्य सचिव श्री अविनाश कुमार, भगवान बिरसा मुंडा के वंशज श्री सुखराम मुंडा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: 25वें स्थापना दिवस पर मोरहाबादी मैदान में भव्य आयोजन, CM-राज्यपाल होंगे शामिल



