Jharkhand Municipal Election : झारखंड के 48 शहरी स्थानीय निकायों (ULB) में होने वाले चुनावों से पहले ही बड़ी तस्वीर साफ होने लगी है। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) के सचिव राधे श्याम प्रसाद ने बुधवार को जानकारी दी कि मतदान से पहले ही 41 वार्ड पार्षदों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। यानी इन वार्डों में उम्मीदवारों के सामने कोई प्रतिद्वंद्वी न होने के कारण उनकी जीत तय हो गई है। वहीं, राज्य के तीन वार्ड ऐसे भी रहे जहाँ एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
कहाँ खाली रह गईं सीटें?- Jharkhand Municipal Election
आयोग के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया और नाम वापसी के बाद तीन वार्डों में शून्य नामांकन की स्थिति रही:
कोडरमा: डोमचांच नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 और 11।
जमशेदपुर: मानगो नगर निगम का वार्ड संख्या 22। इन तीनों ही वार्डों में किसी भी प्रत्याशी द्वारा पर्चा नहीं भरे जाने के कारण ये सीटें वर्तमान में खाली रह गई हैं।
निकाय चुनाव 2026: मुख्य आंकड़े-Jharkhand Municipal Election
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियों और उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है:
मतदान की तारीख: 23 फरवरी 2026
मतगणना: 27 फरवरी 2026
कुल पद: 48 महापौर/अध्यक्ष और 1,087 वार्ड पार्षद।
मैदान में उम्मीदवार: महापौर पद के लिए 562 और पार्षद पद के लिए 5,569 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
महिला भागीदारी: चुनावी मैदान में महिलाओं की संख्या काफी उत्साहजनक है। पार्षद पद के लिए 2,727 और महापौर पद के लिए 235 महिलाएं ताल ठोक रही हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 896 केंद्र ‘अतिसंवेदनशील’- Jharkhand Municipal Election
निकाय चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। लगभग 43.33 लाख मतदाता वोट डालेंगे। कुल 4,304 मतदान केंद्रों में से 896 को अतिसंवेदनशील और 2,445 को संवेदनशील घोषित किया गया है।
बिना ‘चुनाव चिह्न’ के सियासी जंग
झारखंड में नगरीय निकाय चुनाव आधिकारिक तौर पर राजनीतिक दलों के सिंबल पर नहीं लड़े जाते, लेकिन पर्दे के पीछे सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जबरदस्त जोर-आजमाइश जारी है। उम्मीदवारों को विभिन्न दलों का मौन समर्थन प्राप्त है, जिससे यह चुनाव आगामी विधानसभा और लोकसभा समीकरणों के लिए लिटमस टेस्ट माना जा रहा है।



