London/रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने लंदन दौरे के दौरान यूनाइटेड किंगडम सरकार की मंत्री सीमा मल्होत्रा (संसदीय अवर सचिव, समानता एवं इंडो-पैसिफ़िक मामले) से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की।
इस बैठक का उद्देश्य झारखंड और यूके के बीच शिक्षा, कौशल विकास और खनन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत बनाना था।
London: ‘मरांग गोमके छात्रवृत्ति’ बनी मिसाल
बैठक के दौरान यूके सरकार ने झारखंड की महत्वाकांक्षी ‘मरांग गोमके जयपाल मुंडा ओवरसीज़ स्कॉलरशिप’ योजना की जमकर सराहना की। इसे भारत-यूके संबंधों का एक जीवंत उदाहरण बताया गया। पिछले चार वर्षों में इस योजना से 100 से अधिक छात्रों को लाभ मिला है। दोनों पक्षों ने अब विदेशी पढ़ाई को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उसे इंटर्नशिप, मेंटोरशिप और लीडरशिप डेवलपमेंट से जोड़ने की योजना पर सहमति जताई। साथ ही, एआई (AI), डेटा साइंस और पब्लिक पॉलिसी जैसे विषयों में यूके के शीर्ष संस्थानों के साथ मिलकर काम करने पर भी चर्चा हुई।
London News: जिम्मेदार खनन और ‘जस्ट ट्रांज़िशन’ पर फोकस
मुख्यमंत्री ने खनन क्षेत्र में यूके की तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ उठाने का प्रस्ताव रखा। विशेष रूप से ‘जिम्मेदार खनन’ (Responsible Mining), खदान सुरक्षा और क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई चेन को बेहतर बनाने के लिए एक ‘झारखण्ड–यूके वर्किंग ट्रैक’ स्थापित करने पर बात हुई। इसके अलावा, कोयला क्षेत्रों में बदलाव और जलवायु अनुकूलन के लिए ‘जस्ट ट्रांज़िशन’ (Just Transition) मॉडल के तहत झारखंड को एक पायलट राज्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया गया।
स्टोनहेंज की तर्ज पर सवरेंगे झारखंड के धरोहर
संस्कृति और विरासत संरक्षण पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने झारखंड के मेगालिथ और मोनोलिथ स्थलों को यूके के विश्व प्रसिद्ध ‘स्टोनहेंज’ की तर्ज पर संरक्षित करने में सहयोग मांगा। लक्ष्य है कि भविष्य में इन स्थलों को यूनेस्को (UNESCO) की मान्यता मिल सके। बैठक के अंत में सीएम सोरेन ने मंत्री सीमा मल्होत्रा को झारखंड आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। वहीं, मंत्री मल्होत्रा ने सीएम को स्टोनहेंज के भ्रमण के लिए आमंत्रित किया।
Tags:
Hemant Soren, Seema Malhotra, UK Jharkhand Relations, Marang Gomke Scholarship, Responsible Mining, Critical Minerals, Just Transition, Stonehenge, Heritage Conservation
यह भी पढ़ें: Oscars 2026: ‘सिनर्स’ ने 16 नॉमिनेशन के साथ रचा इतिहास, भारत की ‘होमबाउंड’ रेस से बाहर
