रांची के ज्वेलरी कारोबारी से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, प्रिंस खान के नाम पर मिली धमकी
रांची: राजधानी रांची में एक बार फिर रंगदारी का मामला सामने आने से व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। इस बार मेन रोड स्थित पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक को 5 करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी मिली है। मामले में लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पाल ब्रदर्स ज्वेलर्स के संचालक सुमन पाल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि 4 जून की रात करीब 9:50 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से कॉल और मैसेज आया। मैसेज में 5 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, फोन करने वाले ने खुद को विदेश में बैठा कुख्यात अपराधी प्रिंस खान बताया। धमकी मिलने के बाद कारोबारी और उनके परिवार के सदस्य भय और असुरक्षा के माहौल में हैं।
सुमन पाल ने अपने आवेदन में कहा है कि धमकी भरे संदेश में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार और प्रतिष्ठान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजधानी रांची के कई बड़े कारोबारियों और होटल संचालकों को भी रंगदारी के लिए धमकी मिलने के मामले सामने आए हैं। इससे पहले होटल जलजोगा और होटल कैपिटॉल हिल से जुड़े मामलों की जांच भी पुलिस कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और मैसेज की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही कॉल के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
लालपुर थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सामने आ रहे रंगदारी के मामलों ने राजधानी के व्यवसायिक वर्ग की चिंता बढ़ा दी है। कारोबारी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
