
लंदन/रांची: “झारखंड @25” वैश्विक अभियान के तहत यूनाइटेड किंगडम के दौरे पर गए मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने लंदन में ‘हिस्टोरिक इंग्लैंड’ (Historic England) के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की।
इस बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड की समृद्ध आदिवासी विरासत, मेगालिथ और जीवाश्म पार्कों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और उनके संरक्षण के लिए तकनीकी सहयोग बढ़ाना था।

Historic England: स्टोनहेंज भ्रमण का मिला विशेष आमंत्रण
बैठक में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। ‘हिस्टोरिक इंग्लैंड’ ने झारखंड के मुख्यमंत्री को विश्व प्रसिद्ध प्रागैतिहासिक स्थलों—एवेबरी और स्टोनहेंज (Stonehenge) के भ्रमण के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया है। चर्चा के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि कैसे यूके की तर्ज पर झारखंड के मेगालिथ और मोनोलिथ साइट्स का संरक्षण किया जा सकता है।
Historic England : जीवित मेगालिथिक परंपरा का गवाह है झारखंड
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड देश के उन अग्रणी राज्यों में है जो ‘यूके-भारत व्यापक सांस्कृतिक सहयोग कार्यक्रम (POCC)’ का लाभ उठाकर अपनी प्राचीन विरासत को सहेज रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड दुनिया के उन चुनिंदा स्थानों में से एक है जहां मेगालिथिक (महापाषाण) परंपराएं केवल इतिहास नहीं, बल्कि आज भी आदिवासी समुदायों के दैनिक जीवन का हिस्सा हैं।
पकरी बरवाडीह और मंदर जीवाश्म पार्क पर चर्चा
बैठक में झारखंड के हजारीबाग स्थित पकरी बरवाडीह के मेगालिथिक परिसर (जो सूर्य की गति पर आधारित है) और साहिबगंज के मंदर जीवाश्म उद्यान (Fossil Park) की विशेषताओं को रेखांकित किया गया। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने “Sentinels of Time” नामक एक कॉफी टेबल बुक भी प्रस्तुत की, जिसमें झारखंड के इन दुर्लभ प्रागैतिहासिक स्थलों की जानकारी दी गई है।
बैठक में मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और इंग्लैंड की ओर से क्लॉडिया केन्याटा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Tags:
Hemant Soren, Historic England, Jharkhand Heritage, Stonehenge, Megaliths, UK India Cultural Cooperation, Tribal Culture, Sustainable Tourism, Jharkhand News
यह भी पढ़ें: Oscars 2026: ‘सिनर्स’ ने 16 नॉमिनेशन के साथ रचा इतिहास, भारत की ‘होमबाउंड’ रेस से बाहर



