CM Hemant Soren ने बार्सिलोना में किया म्यूजियम माइंस का निरीक्षण, एफसी बार्सिलोना से साझेदारी की संभावना

Ranchi: झारखंड के CM Hemant Soren इन दिनों स्पेन दौरे पर हैं। इस दौरान वे बार्सिलोना पहुंचे, जहां उनके नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने कैटेलोनिया सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा संचालित गावा म्यूजियम का भ्रमण किया।

 

इस संग्रहालय में नवपाषाण युग से जुड़ी पुरानी खनन तकनीकों का जीवंत प्रदर्शन किया गया है। मुख्यमंत्री ने खदानों के अंदर जाकर निरीक्षण भी किया और इस अवधारणा की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड के सिंहभूम क्षेत्र में इसी तर्ज पर एक ‘म्यूजियम माइंस’ विकसित किया जाएगा।

प्राचीन खनन तकनीकों का मिला अनुभव: CM Hemant Soren

गावा म्यूजियम के दौरे में मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने खनन तकनीकों और नवपाषाण काल के अवशेषों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने देखा कि कैसे पुरानी खदानों को शिक्षा, विज्ञान और पर्यटन के दृष्टिकोण से पुनः उपयोग में लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड, खासकर कोल्हान क्षेत्र में भी इस तरह की परियोजनाओं की बड़ी संभावनाएं हैं। इन खदानों को वैज्ञानिक और शैक्षणिक प्रदर्शन केंद्रों में बदला जा सकता है, जिससे ज्ञान-पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Hemant Soren ने किया एफसी बार्सिलोना संग्रहालय और स्टेडियम का दौरा

21 अप्रैल को प्रतिनिधिमंडल ने विश्वप्रसिद्ध फुटबॉल क्लब एफसी बार्सिलोना के संग्रहालय और स्पॉटिफाइ कैंप नोउ स्टेडियम के पुनर्विकास स्थल का दौरा किया। इस भ्रमण की व्यवस्था भारत के कांसुलेट जनरल ने की थी। इस दौरान एफसी बार्सिलोना के कार्यकलापों का अध्ययन किया गया और क्लब की संचालन व्यवस्था को समझा गया।

एफसी बार्सिलोना से संभावित साझेदारी पर चर्चा: CM Hemant Soren

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी टीम ने एफसी बार्सिलोना की उपाध्यक्ष एलेना फोर्ट से मुलाकात की। इस बैठक में झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने, युवाओं को प्रशिक्षित करने और खेल संरचना को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। क्लब ने राज्य में खेल संरचना के विकास में सहयोग की संभावनाएं जताई हैं। इस अवसर पर एलेना फोर्ट ने मुख्यमंत्री को उनके नाम की एक विशेष टी-शर्ट भेंट की।

खेलों से युवा सशक्तिकरण की दिशा में झारखंड

मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि एफसी बार्सिलोना की उपाध्यक्ष से मिलना और बातचीत करना एक प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और एफसी बार्सिलोना के साथ साझेदारी इस दिशा में एक बड़ा कदम हो सकती है। उन्होंने संभावित सहयोग के लिए क्लब का आभार जताया और भविष्य में मिलकर काम करने की उम्मीद जताई।

 

 

 

 

 

 

 

यह भी पढ़े: मुख्य चुनाव आयुक्त Gyanesh Kumar, 3 दिवसीय झारखंड दौरे पर

Exit mobile version