
चतरा पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, आशीर्वाद समारोह में नव दंपति को दी शुभकामनाएं
चतरा: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को एकदिवसीय दौरे पर चतरा पहुंचे। अवसर था चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक और लोजपा (रामविलास) खेमे के वरिष्ठ नेता जनार्दन पासवान के सुपुत्र कुमार विवेक रंजन के विवाह उपरांत आयोजित भव्य ‘वर-वधू आशीर्वाद समारोह’ का।
मुख्यमंत्री ने समारोह में शामिल होकर नव दंपति को उज्ज्वल भविष्य और सुखद दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
हेलीकॉप्टर से पहुंचे सीएम, हुआ गर्मजोशी से स्वागत
शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर उतरा। उनके आगमन को लेकर प्रशासनिक अधिकारी और राजनीतिक कार्यकर्ता सुबह से ही मौजूद थे।
हेलीपैड पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह, झारखंड के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता और झामुमो के वरिष्ठ नेताओं ने गुलदस्ता भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने “मुख्यमंत्री जिंदाबाद” के नारों के बीच उनका अभिवादन किया।
कड़ी सुरक्षा के बीच समारोह स्थल पहुंचे
हेलीपैड से मुख्यमंत्री का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होटल सेलिब्रेशन इन पहुंचा। यहां आयोजित आशीर्वाद समारोह में उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और विधायक जनार्दन पासवान के परिवार के साथ कुछ समय बिताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विवाह दो परिवारों का पवित्र मिलन होता है और उन्होंने नव दंपति के सुखी जीवन की कामना की।
प्रशासन रहा मुस्तैद
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। होटल से लेकर हेलीपैड तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
समारोह में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री पुनः जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचे और हेलीकॉप्टर से रांची के लिए रवाना हो गए।



