HeadlinesJharkhandStatesTrending

पेपर लीक और बेरोजगारी पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रांची में कांग्रेस ने पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार को घेरा

पेपर लीक, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने देश में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों, बढ़ती बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियों से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

10 वर्षों में दर्जनों पेपर लीक, लाखों छात्र प्रभावित

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच देशभर में करीब 89 पेपर लीक के मामले सामने आए, जिसके कारण 48 परीक्षाएं दोबारा आयोजित करनी पड़ीं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 15 राज्यों में 41 पेपर लीक की घटनाओं से लगभग 1.4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।

बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ी पर उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने कहा कि हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। नीट-यूजी 2026, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा, यूजीसी नेट और सीटेट जैसी परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द होने और दोबारा आयोजन से लाखों छात्रों को मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान उठाना पड़ा।

कड़े कानून के बावजूद नहीं रुक रहे मामले

कांग्रेस ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है, लेकिन इसके बावजूद लगातार ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि कानून का प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रहा है और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है।

सरकारी नौकरियों में खाली पड़े हैं लाखों पद

कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में लाखों पद रिक्त पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की धीमी गति के कारण करोड़ों युवा रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जबकि शिक्षित युवाओं में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।

छात्रों की आत्महत्या पर चिंता

पार्टी नेताओं ने छात्रों में बढ़ते मानसिक तनाव और आत्महत्या की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की। उनका कहना था कि परीक्षा प्रणाली में अनिश्चितता, रोजगार के सीमित अवसर और लगातार बढ़ता दबाव युवाओं के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

प्रदेश कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। साथ ही शिक्षा बजट में वृद्धि कर छात्रों और युवाओं के हित में प्रभावी नीतियां बनाने की भी मांग की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button