Bihar News: बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। अगले साल से दरभंगा एयरपोर्ट (Darbhanga Airport) अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर आ जाएगा। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को दरभंगा के डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले एक साल में दरभंगा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
मेट्रो और एम्स से बदलेगी सूरत- सम्राट चौधरी
मेट्रो और एम्स से बदलेगी सूरत सम्राट चौधरी ने दरभंगा के सर्वांगीण विकास का खाका पेश करते हुए कहा कि शहर में चारों तरफ काम चल रहा है।
- एम्स (AIIMS): निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे यह मेडिकल हब बनेगा।
- मेट्रो (Metro): दरभंगा में मेट्रो परियोजना के लिए डीपीआर (DPR) तैयार किया जा रहा है।
- एजुकेशन हब: इन परियोजनाओं से दरभंगा एक बड़े शैक्षणिक और चिकित्सा केंद्र के रूप में उभरेगा।
अगले 5 साल में रुकेगा पलायन
‘अगले 5 साल में पलायन रुकेगा’ डिप्टी सीएम ने राज्य सरकार का विजन स्पष्ट करते हुए कहा, “अगले पांच साल में ऐसा बिहार बनाना है, जहां किसी को मजदूरी के लिए बाहर न जाना पड़े। हर व्यक्ति को अपने राज्य में ही रोजगार मिले।” इसी कड़ी में उन्होंने बंद पड़ी अशोक पेपर मिल का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मिल की करीब 280 एकड़ जमीन पर कानूनी मामलों के निपटारे के बाद नए उद्योग लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।
सरकार की उपलब्धियों पर दिया ज़ोर
बाढ़ प्रबंधन और समृद्धि यात्रा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बाढ़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि 2007-08 में बाढ़ से 8 जिले प्रभावित हुए थे, लेकिन बेहतर प्रबंधन के चलते सितंबर 2025 में नेपाल से साढ़े छह लाख क्यूसेक पानी छोड़ने के बावजूद सिर्फ 156 गांव ही प्रभावित हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ और मां सीता के भव्य मंदिर निर्माण को राज्य के गौरव का विषय बताया।



