HeadlinesCrimeJharkhandPoliticsStatesTrending

Jharkhand News: हजारीबाग में दोहरी वारदात से सनसनी, युवक की हत्या, भागते समय स्कॉर्पियो से कुचलकर एक और की मौत

Jharkhand News: झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हिंसक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आपसी रंजिश में धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई, जबकि भागने के दौरान आरोपियों की स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हो गई। इस दौरान गांव में खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी गई और कई लोग घायल हो गए।

धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या: Jharkhand News

घटना बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव की बताई जा रही है। देर रात कुछ अज्ञात बदमाश स्कॉर्पियो से गांव पहुंचे और रोहित साव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित साव की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक रोहित साव का नाम कोयला कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके कारण इस घटना को आपसी रंजिश का परिणाम माना जा रहा है।

भागते समय स्कॉर्पियो से कुचलकर दूसरी मौत: Jharkhand News

हमला करने के बाद अपराधी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से भागने लगे। इस दौरान उनकी गाड़ी की चपेट में आने से प्रदीप कुमार साव नामक व्यक्ति की कुचलकर मौत हो गई। इसके अलावा वाहन की टक्कर से महेंद्र साव, सागर कुमार और राजू साव समेत कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए हजारीबाग और रांची के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

खंभे से टकराकर पलटी स्कॉर्पियो: Jharkhand News

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भागने के दौरान अपराधियों की स्कॉर्पियो एक बिजली के खंभे से टकराकर अनियंत्रित हो गई और पास के एक घर में जाकर पलट गई। इसके बावजूद आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्कॉर्पियो से अपराधी भाग रहे थे, उस पर पुलिस का बोर्ड लगा हुआ था। हालांकि घटना के बाद पुलिस ने उस बोर्ड को हटा दिया।

दो गाड़ियों में लगाई आग

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फरार होने के दौरान अपराधियों ने गांव में खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार और थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी कृष्ण गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह घटना गुटीय संघर्ष, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण से हुई है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़े: धनबाद में Vananchal Express की थर्ड एसी बोगी में युवती से छेड़खानी, आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button