
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, जल-जंगल-जमीन की रक्षा का लिया संकल्प
रांची: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के कोकर स्थित उनके समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित किया और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
झारखंड की अस्मिता और स्वाभिमान के प्रतीक हैं बिरसा मुंडा
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि धरती आबा केवल इतिहास के महानायक नहीं हैं, बल्कि झारखंड की आत्मा, अस्मिता और स्वाभिमान के सबसे बड़े प्रतीक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने जो संघर्ष किया, त्याग किया और सर्वोच्च बलिदान दिया, वह आने वाली सदियों तक लोगों को प्रेरित करता रहेगा।
सपनों का झारखंड बनाना हमारी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि जब भी वे धरती आबा को याद करते हैं, उनके मन में एक संकल्प और मजबूत हो जाता है। जिस जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उसकी रक्षा करना और उनके सपनों का झारखंड बनाना सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से भगवान बिरसा मुंडा के दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उनके विचारों और आदर्शों को केवल याद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने दैनिक जीवन और कर्मों में उतारना ही धरती आबा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



