
बोकारो: तेज रफ्तार कोयला लदे हाइवा ने बाइक सवार CCL कर्मी को कुचला, मौके पर मौत; सड़क जाम
बोकारो: फुसरो के पांच नंबर धोड़ा स्थित हीरक सड़क पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार सीसीएल कर्मी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रहे कोयला लदे हाइवा ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हाइवा की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान फुसरो नगर परिषद क्षेत्र के अंबेडकर कॉलोनी निवासी करीब 55 वर्षीय महाबीर रजवार के रूप में हुई है। वह सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) में पंप खलासी के पद पर कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वह पानी चालू करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
दूसरे हादसे के बाद भाग रहे हाइवा से दुर्घटना की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हाइवा कथित तौर पर किसी अन्य स्थान पर हुए सड़क हादसे के बाद वहां से भाग रहा था। इसी दौरान हीरक सड़क पर यह दुर्घटना हुई। हालांकि, हाइवा के पहले किसी अन्य हादसे में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर बेरमो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
हादसे की खबर से परिवार में मचा कोहराम
महाबीर रजवार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि वह मूल रूप से अंगवाली दक्षिणी पंचायत के बेहड़ा गोड़ा गांव के निवासी थे।
दो साल पहले भी इसी जगह हुआ था हादसा, ब्रेकर हटाने पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि हीरक सड़क के इसी स्थान पर करीब दो वर्ष पहले भी इसी तरह की सड़क दुर्घटना हुई थी। उस समय ग्रामीणों की मांग पर सड़क पर ब्रेकर लगाया गया था। हालांकि, फिलहाल वहां से ब्रेकर हटा दिया गया है।
लोगों का आरोप है कि ब्रेकर हटने के बाद वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रह गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर दोबारा ब्रेकर लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
बोकारो संवाददाता: ललित मिश्रा



