HeadlinesJharkhandStatesTrending

हजारीबाग में आधी रात Encounter! राहुल दुबे गैंग के अंशु दुबे के पैर में लगी गोली

हजारीबाग के उरीमारी स्थित कर्मा टिल्हा जंगल में पुलिस और अंशु दुबे के बीच मुठभेड़। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली।

हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के गुर्गे के बीच मुठभेड़, अंशु दुबे के पैर में लगी गोली

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य अंशु दुबे के बीच मुठभेड़ हो गई। उरीमारी थाना क्षेत्र के कर्मा टिल्हा जंगल में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंशु दुबे के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि घायल अंशु दुबे खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

हथियार बरामद कराने जंगल ले गई थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले उरीमारी थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में पुलिस ने अंशु दुबे को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसने फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की थी।

पुलिस के अनुसार, अंशु ने बताया था कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार उसने कर्मा टिल्हा जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा है। उसने जंगल में एक पर्चा छिपाकर रखने की जानकारी भी पुलिस को दी थी।

आरोपी ने पुलिस टीम पर की फायरिंग

आरोपी के बताए ठिकाने से हथियार बरामद करने के लिए उरीमारी थाना की पुलिस टीम उसे लेकर कर्मा टिल्हा जंगल पहुंची थी। पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद अंशु दुबे ने छिपाकर रखे हथियार को निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

इस दौरान कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें अंशु दुबे के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पिस्टल और पर्चा बरामद, जांच में जुटी पुलिस

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से पिस्टल और एक पर्चा बरामद किया है। पुलिस अब पर्चे की जांच कर रही है कि उसका संबंध किस घटना से है और उसमें क्या लिखा है।

पुलिस के अनुसार, अंशु दुबे राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य है। क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं में उसकी कथित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि गिरोह या उसकी गतिविधियों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button