HeadlinesJharkhandStatesTrending

JTET 2026: 5.65 लाख अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, 2016 के मुकाबले 126% बढ़ी संख्या

झारखंड में 1 नवंबर को 10 साल बाद JTET-2026 परीक्षा होगी। 24 जिलों के 986 केंद्रों पर 5,65,048 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे।

10 साल के इंतजार का हिसाब कल होगा: JTET में 5.65 लाख अभ्यर्थी, 2016 के मुकाबले 126% बढ़ी संख्या

 

1 नवंबर को झारखंड के 24 जिलों में 986 केंद्रों पर होगी परीक्षा, दो पालियों में शामिल होंगे 5,65,048 अभ्यर्थी

 

रांची। झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए रविवार, 1 नवंबर 2026 का दिन बेहद अहम होने जा रहा है। करीब 10 साल के लंबे अंतराल के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET-2026) आयोजित होगी। इस बार परीक्षा में 5,65,048 अभ्यर्थी शामिल होंगे। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की ओर से राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी।

 

इस बार प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों की अलग-अलग संख्या निर्धारित है। कुल परीक्षार्थियों में 1,95,935 अभ्यर्थी प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 तक के लिए परीक्षा देंगे, जबकि 3,69,113 अभ्यर्थी उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षा में शामिल होंगे।

 

2016 के मुकाबले 3.15 लाख से अधिक अभ्यर्थी बढ़े

 

JTET के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2016 की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2016 में कुल 2,49,576 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 53,870 अभ्यर्थी सफल हुए थे। उस समय सफलता का प्रतिशत करीब 21.6 था।

 

वहीं, JTET-2026 में कुल 5,65,048 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इस तरह पिछली परीक्षा के मुकाबले इस बार 3,15,472 अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यह करीब 126.4 प्रतिशत की वृद्धि है। यानी 2026 में परीक्षार्थियों की संख्या 2016 के मुकाबले लगभग 2.26 गुना हो गई है।

 

2024 में भी हुई थी परीक्षा की तैयारी, फिर टल गई थी प्रक्रिया

 

JTET के आयोजन में हुई देरी का असर लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं पर पड़ा। वर्ष 2024 में भी परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की गई थी और करीब 3.65 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। हालांकि, नियमों में बदलाव के कारण उस समय परीक्षा प्रक्रिया रद्द कर दी गई थी।

 

इसके बाद पुराने आवेदकों को नई नियमावली के तहत दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया गया। इस बार पहले से तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ नए उम्मीदवार भी परीक्षा में शामिल होंगे।

 

करीब एक दशक बाद हो रही इस परीक्षा में अभ्यर्थियों की बड़ी संख्या के कारण मुकाबला भी पहले के मुकाबले अधिक व्यापक हो गया है। अब सभी की नजर 1 नवंबर को होने वाली JTET-2026 परीक्षा पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button