
हजारीबाग एसीबी की बड़ी कार्रवाई: NH-33 भूमि मुआवजा घोटाले में तत्कालीन प्रधान सहायक और अमीन गिरफ्तार
हजारीबाग / रामगढ़:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), प्रमंडलीय कार्यालय हजारीबाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) चौड़ीकरण में भूमि मुआवजे के भुगतान में हुई अनियमितता के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसीबी थाना कांड संख्या 13/18 के तहत अनुसंधान के क्रम में की गई।
क्या है मामला?
यह मामला रामगढ़ जिला अंतर्गत मौजा जोड़ाकरम (मांडू) स्थित खाता संख्या-126, प्लॉट संख्या-2677, कुल रकबा 1.82 एकड़ (पंचाट संख्या-02) से जुड़ा है। NH-33 के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित की गई इस जमीन के मुआवजे के भुगतान में भारी वित्तीय अनियमितता बरती गई थी।
इस संबंध में 18 सितंबर 2018 को तत्कालीन सहायक, प्रधान सहायक, अमीन, कानूनगो एवं अन्य के विरुद्ध एसीबी हजारीबाग थाना में कांड संख्या 13/18, धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120(बी), 406 भा०द०वि० एवं 07(बी)/11/13(2) भ्रष्टाचार निवारण (संशोधित) अधिनियम, 2018 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:
बालेश्वर प्रसाद (उम्र 69 वर्ष)
पिता: स्व० परमेश्वर महतो
पता: ग्राम-मेरू, थाना-मुफस्सिल, जिला-हजारीबाग
पद: तत्कालीन अमीन, मांडू अंचल, जिला-रामगढ़
प्रवीण कुमार सिन्हा (उम्र 63 वर्ष)
पिता: स्व० ब्रजकिशोर प्रसाद
पता: रामनगर, पेट्रोल पम्प के पास, थाना-कटकमदाग, जिला-हजारीबाग
पद: तत्कालीन प्रधान सहायक, जिला भू-अर्जन कार्यालय, रामगढ़
एसीबी द्वारा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



