
रांची में 15 सितंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधार का मौका
Ranchi: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड की निगरानी में रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के साथ-साथ पहले से दर्ज जानकारी में सुधार कराने का अवसर दिया जा रहा है।
15 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा-आपत्ति
रांची जिले में 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। जिन योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे Form-6 के माध्यम से नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वहीं, मतदाता सूची में पहले से दर्ज नाम, पता, फोटो या अन्य विवरण में किसी तरह की गलती है तो Form-8 के माध्यम से सुधार या सत्यापन कराया जा सकता है।
नोटिस से जुड़े मामलों की भी हो रही सुनवाई
प्रशासन के अनुसार, SIR प्रक्रिया के दौरान नोटिस से जुड़े मामलों की सुनवाई भी प्रतिदिन की जा रही है। ऐसे में जिन मतदाताओं को सूची में अपना नाम जुड़वाना है या दर्ज जानकारी में सुधार कराना है, उनके लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 15 सितंबर 2026 की निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कर प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि मतदाता सूची में उनका विवरण सही और अद्यतन रह सके।



