HeadlinesJharkhandStatesTrending

JSSC-CGL धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, आयोग कार्यालय पहुंची टीम; सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ

सचिव सुधीर गुप्ता से CID की घंटों पूछताछ, आयोग कार्यालय से OMR शीट और दस्तावेज बरामद

JSSC-CGL धांधली मामले में CID की बड़ी कार्रवाई, आयोग कार्यालय पहुंची टीम; सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ

Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं, खासकर JSSC-CGL में कथित अनियमितता, धांधली और पेपर लीक के मामलों की जांच तेज हो गई है। शुक्रवार को झारखंड CID की विशेष जांच टीम नामकुम स्थित JSSC कार्यालय पहुंची। टीम ने आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से घंटों पूछताछ की और कार्यालय में रखे कई गोपनीय दस्तावेजों की जांच की।

जांच के दौरान CID टीम द्वारा कई OMR शीट और अन्य दस्तावेज बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बरामद दस्तावेजों की प्रकृति और उनका मामले से संबंध क्या है, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सचिव के आवास पर भी पहुंची थी CID टीम

जांच प्रक्रिया के तहत CID की टीम शुक्रवार सुबह JSSC सचिव सुधीर गुप्ता के मोरहाबादी स्थित हरिहर सिंह रोड वाले निजी आवास पर भी पहुंची थी।

जानकारी के मुताबिक, आवास पर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने कुछ फाइलों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाए।

इसके बाद CID की टीम सीधे नामकुम स्थित JSSC मुख्यालय पहुंची। यहां प्रशासनिक भवन में सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ की गई।

हालांकि, सचिव के आवास पर छापेमारी और वहां से कथित तौर पर बरामद सामग्री को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

JSSC कार्यालय में गोपनीय दस्तावेजों की जांच

CID की विशेष जांच टीम ने JSSC कार्यालय में परीक्षा से संबंधित रिकॉर्ड और गोपनीय दस्तावेजों को खंगाला। इसी दौरान कई OMR शीट और दस्तावेज बरामद किए जाने की बात सामने आई है।

जांच एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों की सुरक्षा और पूरी प्रक्रिया में कहीं किसी स्तर पर अनियमितता हुई थी या नहीं।

JSSC-CGL मामले में जांच का दायरा बढ़ा

JSSC-CGL समेत आयोग की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। मामले की जांच अब CID द्वारा की जा रही है और जांच टीम के JSSC कार्यालय पहुंचने के बाद कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ और परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद आने वाले दिनों में जांच में और तथ्य सामने आने की संभावना है।

फिलहाल CID की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पूछताछ में क्या जानकारी सामने आई और बरामद OMR शीट व दस्तावेजों को जांच के किस पहलू से जोड़ा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button