
धनबाद OB Dump मामले में विधानसभा समिति सख्त, 6 महीने में दामोदर नदी से अतिक्रमण हटाने का निर्देश
Ranchi: धनबाद में OB Dump और जमीन से जुड़े मामलों को लेकर गठित झारखंड विधानसभा की विशेष समिति (प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण) की विभागीय बैठक गुरुवार को समिति कक्ष संख्या-5 में हुई। बैठक में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
समिति ने जमीन से जुड़े मामलों, रैयतों के भुगतान, सरकारी जमीन के इस्तेमाल और दामोदर नदी में अतिक्रमण को लेकर संबंधित अधिकारियों और कंपनियों को कई निर्देश दिए।
देवप्रभा कंस्ट्रक्शन के निदेशक के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य की जानकारी
बैठक में धनबाद के नगर पुलिस अधीक्षक ने समिति को थाना कांड संख्या 79/23 से संबंधित जांच की जानकारी दी।
समिति को बताया गया कि बलियापुर के अंचल अधिकारी की प्राथमिकी और उस पर हुई जांच के आधार पर M/S देवप्रभा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक/निदेशक कुंभनाथ सिंह के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने की जानकारी सामने आई है।
Tata के जमीन इस्तेमाल और राजस्व भुगतान की रिपोर्ट तलब
समिति ने सिजुआ-मेलाटांड़ क्षेत्र में Tata द्वारा इस्तेमाल की जा रही सरकारी जमीन की स्थिति और रैयतों से अधिग्रहित जमीन के बदले सरकार को किए गए राजस्व भुगतान से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
समिति ने संबंधित विभागों से जमीन के इस्तेमाल और राजस्व भुगतान की स्थिति स्पष्ट करने को कहा है।
BCCL को जल्द जमीन की सेटेलाइट मापी कराने का निर्देश
बैठक में BCCL को जमीन की जल्द से जल्द सेटेलाइट मापी कराने के लिए ISM धनबाद से त्वरित समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
समिति ने जमीन से संबंधित CNT एक्ट और अन्य मामलों का भी कैंप लगाकर त्वरित निष्पादन करने को कहा। साथ ही रैयतों को लंबित भुगतान के संबंध में BCCL और अन्य संबंधित कंपनियों को जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
दामोदर नदी से 6 महीने में हटेगा अतिक्रमण
बैठक में दामोदर नदी में हुए अतिक्रमण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। समिति के समक्ष BCCL की ओर से छह महीने के भीतर अतिक्रमण हटाने पर सहमति दी गई।
समिति ने निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तय समयसीमा के भीतर पूरी कर दामोदर नदी को अतिक्रमण मुक्त किया जाए।
कई विभागों और कंपनियों के अधिकारी रहे मौजूद
विशेष समिति की बैठक में समिति के संयोजक मथुरा प्रसाद महतो के अलावा सदस्य राज सिन्हा, अरूप चटर्जी, चन्द्रदेव महतो और सुदीप गुड़िया उपस्थित रहे।
विभागों की ओर से राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के विशेष सचिव, खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर सचिव, धनबाद के उपायुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता और DFO समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में BCCL, ECL, Tata समेत अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।



