
CM हेमंत सोरेन ने पोखराहा-जोड़ फोरलेन हादसों पर लिया संज्ञान, सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
Palamu: पलामू जिले के पोखराहा और जोड़ के पास फोरलेन सड़क पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गंभीर संज्ञान लिया है। हाल के दिनों में इस मार्ग पर हुए कई सड़क हादसों में चार लोगों की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर क्षेत्र में लगातार आवाज उठ रही थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस गंभीर मुद्दे को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष उठाया और हस्तक्षेप की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पलामू के उपायुक्त एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित फोरलेन मार्ग पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं तथा की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया जाए।
लगातार हादसों से लोगों में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार वाहन, पर्याप्त चेतावनी संकेतकों की कमी और कमजोर ट्रैफिक प्रबंधन के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई परिवार अपने प्रियजनों को खो चुके हैं, जिससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल है।
लोगों का मानना है कि यदि समय रहते सुरक्षा संबंधी उपाय किए गए होते, तो कई जानें बचाई जा सकती थीं।
स्थायी समाधान की मांग
प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस मार्ग पर क्षेत्रवासियों ने स्थायी समाधान की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कर आवश्यक सुधार कार्य जल्द शुरू किया जाए।
उन्होंने सड़क पर हाईमास्ट लाइट, पर्याप्त चेतावनी संकेतक, रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड कैमरे, ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती और प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन जैसी व्यवस्थाएं लागू करने की मांग की है।
फ्लाईओवर बनने तक सुरक्षा उपाय लागू करने की अपील
झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने मुख्यमंत्री की त्वरित पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मांग की कि जब तक दुर्घटना संभावित स्थान पर फ्लाईओवर का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक स्पीड ब्रेकर, ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती और अन्य सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की सक्रिय पहल से भविष्य में इस मार्ग पर होने वाले दर्दनाक हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।



