HeadlinesJharkhandStatesTrending

झारखंड राज्यसभा चुनाव: रेडिसन ब्लू बना NDA का पॉलिटिकल कैंप, 32 कमरों में विधायकों की निगरानी

राज्यसभा चुनाव से पहले NDA की रणनीति, रेडिसन ब्लू होटल में विधायकों का जमावड़ा

राज्यसभा चुनावः रेडिसन ब्लू की छठी-सातवीं मंजिल पर एनडीए की नाकेबंदी, दो दिनों के लिए 32 कमरे बुक

Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल चरम पर है। क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक जोड़-तोड़ की आशंकाओं के बीच एनडीए ने अपने विधायकों की किलेबंदी शुरू कर दी है। राजधानी रांची का रेडिसन ब्लू होटल इन दिनों राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है, जहां एनडीए खेमे के विधायकों और नेताओं को एक साथ रखा गया है।

छठी और सातवीं मंजिल पर एनडीए का कब्जा

सूत्रों के अनुसार, एनडीए ने रेडिसन ब्लू होटल की छठी और सातवीं मंजिल पर कुल 32 कमरे दो दिनों के लिए बुक कराए हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले विधायकों को एकजुट रखने और किसी भी संभावित सेंधमारी को रोकने के लिए यह रणनीति अपनाई गई है।

होटल में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के कई विधायक और वरिष्ठ नेता ठहरे हुए हैं। इनमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, सीपी सिंह, नीरा यादव, राज सिन्हा, नवीन जायसवाल, सत्येंद्र नाथ तिवारी, निर्मल महतो, प्रदीप प्रसाद, पूर्णिमा साहू, देवेंद्र कुंवर, कुमार उज्ज्वल, रौशन लाल चौधरी, अमित यादव, मंजू देवी, नागेंद्र महतो, मनोज यादव, प्रकाश राम, शत्रुधन महतो और लोजपा (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान सहित अन्य नेता शामिल हैं।

क्रॉस वोटिंग की आशंका से बढ़ी सतर्कता

राज्यसभा की दो सीटों के लिए इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है। सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवारों के सामने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी के मैदान में उतरने से चुनावी समीकरण बदल गए हैं। इसी वजह से दोनों खेमों में विधायकों को एकजुट रखने की कवायद तेज हो गई है।

18 जून को होगी वोटिंग

राज्यसभा चुनाव के लिए 18 जून को मतदान होना है। मतदान से पहले एनडीए और महागठबंधन दोनों अपने-अपने विधायकों पर नजर बनाए हुए हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि चुनाव परिणाम से पहले तक विधायकों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

राज्यसभा चुनाव के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में अब सभी की नजरें 18 जून की वोटिंग और उसके नतीजों पर टिकी हैं, जो झारखंड की राजनीति में नए समीकरण तय कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button