राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार पर JMM नाराज, सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा- यह एकतरफा प्यार
Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सत्तारूढ़ महागठबंधन के भीतर राजनीतिक खींचतान खुलकर सामने आने लगी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कांग्रेस के रुख पर नाराजगी जताते हुए इसे ‘एकतरफा प्यार’ करार दिया है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड की दोनों राज्यसभा सीटों पर झामुमो का स्वाभाविक दावा है, लेकिन कांग्रेस ने गठबंधन के भीतर समुचित चर्चा किए बिना अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन धर्म का पालन हमेशा झामुमो ने किया है, लेकिन कांग्रेस के इस कदम से सहयोगी दलों की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
प्रणव झा की उम्मीदवारी से बढ़ा विवाद
राजनीतिक विवाद उस समय और गहरा गया जब कांग्रेस ने गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए प्रणव झा को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया। कांग्रेस के इस फैसले के बाद महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
झामुमो नेताओं का मानना है कि राज्य विधानसभा में संख्या बल और गठबंधन में उनकी भूमिका को देखते हुए दोनों सीटों पर पार्टी का मजबूत दावा बनता है। ऐसे में कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार घोषित करना राजनीतिक हलकों में कई सवाल खड़े कर रहा है।
शनिवार को भी खुलेगी विधानसभा
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया को देखते हुए झारखंड विधानसभा सचिवालय ने भी विशेष व्यवस्था की है। नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 6 जून, शनिवार को विधानसभा की सभी शाखाएं सामान्य कार्यदिवस की तरह खुली रहेंगी।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार सचिवीय कार्यालय, स्थापना शाखा, कार्मिक, प्रेषण, टंकण, मार्शल, अवधायक, ऑनलाइन शाखा सहित सभी विभाग कार्यरत रहेंगे ताकि चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बढ़ी राजनीतिक हलचल
राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में सरगर्मी लगातार बढ़ रही है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि महागठबंधन के भीतर सीटों को लेकर सहमति बनती है या फिर यह विवाद और गहराता है। आने वाले दिनों में उम्मीदवारों के नामांकन और गठबंधन की रणनीति राजनीतिक तस्वीर को और स्पष्ट कर सकती है।



