
विश्व पर्यावरण दिवस पर आजसू का पौधारोपण अभियान, रांची विश्वविद्यालय में दिया हरित भविष्य का संदेश
Ranchi: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) की ओर से गुरुवार को रांची विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व रांची विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्रों और आजसू कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
कुलपति डॉ. सरोज शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की निरंतर सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
वहीं आजसू छात्र संघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट के दौर में पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। उन्होंने कहा कि आजसू भविष्य में भी पर्यावरण जागरूकता और संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर मुकुंद चंद्र मेहता, परीक्षा नियंत्रक संजय कुमार सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। आजसू की ओर से प्रदेश सचिव डॉ. सौरभ शर्मा, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, प्रशांत महतो, सौरभ यादव, अब्दुल खान, रोशनी मुंडा, तनु कुमारी, निशांत लिंडा, विद्यानंद रॉय, नीरज कुमार, सिद्धार्थ कुमार, पंकज और अमित समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया और समाज को हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।



