
झारखंड में बकरीद को लेकर पुलिस अलर्ट, DGP की अध्यक्षता में होगी हाई-लेवल बैठक
रांची: आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की तैयारी को लेकर 25 मई को दोपहर 3 बजे उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (DGP) करेंगे। बैठक में राज्य के सभी जिलों के एसएसपी, एसपी, रेंज डीआईजी और जोनल आईजी शामिल होंगे।
12 प्रमुख बिंदुओं पर होगी समीक्षा
बैठक में बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
मुख्य एजेंडा में शामिल होंगे ये मुद्दे:
- पिछले वर्ष बकरीद के दौरान हुई घटनाओं और उन पर हुई कार्रवाई की समीक्षा
- असामाजिक और उपद्रवी तत्वों पर निवारक कार्रवाई
- संवेदनशील इलाकों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाना
- CCTV, वीडियो ग्राफी और ड्रोन से निगरानी व्यवस्था
- जिला और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें
- संयुक्त नियंत्रण कक्ष और इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्लान तैयार करना
- दंगा निरोधी उपकरण, वॉटर कैनन और अतिरिक्त पुलिस बल की उपलब्धता की जांच
- लंबित वारंट और कुर्की-जब्ती मामलों के निष्पादन में तेजी
- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24 घंटे निगरानी
- प्रतिबंधित पशुओं की अवैध तस्करी पर सख्त नजर
- खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट पर त्वरित कार्रवाई
- जरूरत के अनुसार संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल की तैनाती
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर विशेष फोकस
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने वालों और सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर दिया गया है।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति एवं भाईचारे का माहौल बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने को कहा गया है।



