JharkhandHeadlinesStatesTrending

महिला आरक्षण और परिसीमन पर JMM का बड़ा हमला, सुप्रियो भट्टाचार्य बोले—यह साजिश है

महिला आरक्षण बिल पर सियासत गरमाई, JMM ने केंद्र सरकार को घेरा

महिला आरक्षण और परिसीमन पर झामुमो का हमला, सुप्रियो भट्टाचार्य ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

रांची: रांची में आयोजित एक प्रेस वार्ता में झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महिला आरक्षण बिल और परिसीमन को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि महिला आरक्षण के साथ परिसीमन लागू करने की कोशिश एक “साजिश” है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं को आगे रखकर परिसीमन लागू करना चाहती है, जिसे देश स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि बिना जनगणना, ओबीसी कोटा तय किए और सरना धर्म कोड लागू किए बिना परिसीमन किसी भी सूरत में मंजूर नहीं है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार विधानसभा सीटों में वृद्धि की बात करती है, तो राज्यसभा सीटों में बढ़ोतरी क्यों नहीं की जा रही है। “यह किस तरह की नीति है, यह सोचने और समझने वाली बात है,” उन्होंने कहा।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि देश के सभी राजनीतिक दल महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के पक्षधर हैं। उन्होंने याद दिलाया कि दिसंबर 2023 में मोदी सरकार ने संविधान संशोधन के जरिए महिला आरक्षण बिल पारित किया था और उसका गजट भी प्रकाशित हुआ था, लेकिन अब तक उसे लागू नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि अब जब केंद्र सरकार “बैसाखी पर चल रही है”, तो दोबारा संविधान संशोधन की बात करना संदेह पैदा करता है। “दरअसल, इसके पीछे बिना जनगणना के परिसीमन लागू करने की कोशिश है,” उन्होंने आरोप लगाया।

उन्होंने रक्षा मंत्री के बयान पर भी टिप्पणी करते हुए उसे “हास्यास्पद” बताया। साथ ही कहा कि 2024 के आम चुनाव में भाजपा को केवल 38 प्रतिशत वोट मिले, जबकि 62 प्रतिशत जनता ने उसे नकार दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान ईवीएम की भूमिका संदिग्ध रही।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़कर लागू करने का विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ईमानदार है, तो उसे पहले से पारित महिला आरक्षण कानून को ही लागू करना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button