
रांची: झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस (Jharkhand Rajat Jayanti) के उपलक्ष्य में, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज मुख्यमंत्री आवासीय परिसर से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस “फ्लैग ऑफ कार्यक्रम” में उनके साथ विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं।
शुभकामना संदेश देने, हमारा झारखण्ड 25 वर्ष का हो गया।
झारखण्ड राज्य अपने स्थापना का रजत पर्व मनाने जा रहा है। राज्य का 25वां वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 25 प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM एवं विधायक श्रीमती @JMMKalpanaSoren ने रवाना किया। pic.twitter.com/4epsl6apEf— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) November 11, 2025
Jharkhand Rajat Jayanti: जन-जन तक पहुंचेगी 25 वर्षों की गाथा
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित ये प्रचार वाहन राज्य के सभी जिलों, प्रखंडों और गांवों का भ्रमण करेंगे। इनका मुख्य उद्देश्य पिछले 25 वर्षों में झारखंड की उपलब्धियों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना है। इन वाहनों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं और किसानों को राज्य के विकास में भागीदार बनने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
संघर्ष से सशक्तिकरण तक की यात्रा – CM
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर राज्यवासियों को रजत जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “25 वर्षों की यह यात्रा झारखंड के आत्मगौरव और उन्नति की गाथा है। जिस संकल्पना के साथ यह राज्य बना था, उसे और गति देने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य की रजत जयंती के साथ ही हम सभी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती भी मनाएंगे, जो झारखंड के आदिवासी-मूलवासी समाज के लिए “संघर्ष से सशक्तिकरण तक की यात्रा” का प्रतीक, गर्व और प्रेरणा का अवसर है।
Jharkhand Rajat Jayanti: झारखंडी संस्कृति की मनमोहक छटा
कार्यक्रम के दौरान झारखंड की समृद्ध संस्कृति और परंपरा की मनमोहक झलक भी देखने को मिली। दुमका के संताली बैंड सहित अन्य स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत और झारखंडी वाद्य यंत्रों की धुनों पर जीवंत प्रस्तुति दी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक राजीव लोचन बख्शी समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।



