
राउरकेला: Jharkhand के सारंडा जंगल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एएसआई सत्यवान कुमार सिंह शहीद हो गए।
राज्यपाल श्री @santoshgangwar एवं मुख्यमंत्री श्री @HemantSorenJMM ने रांची के सेक्टर-2 धुर्वा के 133 बटालियन स्थित शहीद स्मारक उद्यान पहुंचकर @crpfindia के शहीद जवान सत्यवान कुमार सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। pic.twitter.com/o8EfUXEN7i
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) June 14, 2025
यह घटना उस वक्त हुई जब सुरक्षाबल नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा बिछाए गए आईईडी विस्फोट में सत्यवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए राउरकेला के अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
Jharkhand News: सुबह 4 बजे हुआ हादसा, रांची लाया गया पार्थिव शरीर
सूत्रों के अनुसार, ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के केबलांग क्षेत्र स्थित बांको रिजर्व फॉरेस्ट में तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच यह विस्फोट हुआ। जवान बांकों और सिलकुट्टी के बीच सर्च कर रहे थे, तभी टर्निंग पॉइंट पर आईईडी फट गया। शहीद एएसआई सत्यवान कुमार सिंह 134वीं बटालियन से जुड़े थे और पश्चिमी सिंहभूम के जराईकेला कैंप में तैनात थे। वे उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामपुर सोहरौना गांव के निवासी थे।

विस्फोट में गंभीर रूप से घायल सत्यवान को तत्काल राउरकेला के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उनका पार्थिव शरीर हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया, जहां रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
Jharkhand News: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
रांची के सेक्टर-2 स्थित 133 बटालियन शहीद स्मारक उद्यान में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद सत्यवान कुमार को पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा,
“सरकार शहीद के परिवार के साथ है। हम इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहायता करेंगे। यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है।”
नक्सलियों ने लूटा था 5 टन विस्फोटक
गौरतलब है कि 27 मई को इसी क्षेत्र में नक्सलियों ने एक पत्थर खदान में पहुंचाए जा रहे करीब पांच टन विस्फोटक को लूट लिया था। तभी से झारखंड और ओडिशा पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन जारी था, जिसमें CRPF, झारखंड जगुआर, कोबरा और ओएसएपी बल शामिल थे।
इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने करीब साढ़े चार टन विस्फोटक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था। माना जा रहा है कि शेष विस्फोटक अब भी बांको फॉरेस्ट क्षेत्र में नक्सलियों के पास छिपा हो सकता है।
Jharkhand News: बांको फॉरेस्ट में बढ़ी नक्सली हलचल
बांको रिजर्व फॉरेस्ट और इसके आसपास के इलाकों में नक्सल गतिविधियां तेज हुई हैं। 12 जून से फिर से व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि हालिया घटनाएं नक्सलियों की हताशा का संकेत हैं, क्योंकि सुरक्षा बल लगातार उनके ठिकानों को ध्वस्त कर रहे हैं।
शहीद सत्यवान कुमार सिंह की वीरता को नमन करते हुए पूरा राज्य शोक में डूबा हुआ है। यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि देश की सुरक्षा में लगे हमारे जवान किस प्रकार अपनी जान की बाजी लगाकर सीमांत क्षेत्रों में डटे रहते हैं। नक्सल उन्मूलन की दिशा में यह संघर्ष अब और तेज होता दिखाई दे रहा है।
यह भी पढ़े: IndiGo Flight Emergency Landing: पटना से रांची आ रहे 180 यात्रियों की जान पर बन आया खतरा, गिद्ध से टकराया विमान, रांची में इमरजेंसी लैंडिंग



