
मई से पहले 5 राज्यों में चुनाव, आज शाम 4 बजे चुनाव आयोग करेगा बड़ा ऐलान
नई दिल्ली: देश के पांच बड़े राज्यों – पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी – के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान आज शाम 4 बजे चुनाव आयोग करेगा। माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में दो-दो चरणों में मतदान कराया जा सकता है, जबकि केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में वोटिंग होने की संभावना है।
इन पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई 2026 तक खत्म हो रहा है, इसलिए चुनाव आयोग आज चुनावी कार्यक्रम की घोषणा करेगा। पिछली बार 2021 में इन राज्यों के चुनाव की घोषणा 26 फरवरी को की गई थी। उस समय पश्चिम बंगाल में 8 चरणों, असम में 3 चरणों और तमिलनाडु, केरल व पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान कराया गया था।
SIR के बाद वोटर लिस्ट में बदलाव
चुनाव से पहले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) के बाद कई राज्यों में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
-
तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 74 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं।
-
पश्चिम बंगाल में करीब 58 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं।
-
केरल में लगभग 8 लाख नाम हटे।
-
असम में करीब 2 लाख मतदाता सूची से बाहर हुए।
-
पुडुचेरी में सबसे कम करीब 77 हजार नाम हटाए गए।
तमिलनाडु में 27 अक्टूबर 2025 को SIR प्रक्रिया शुरू हुई थी। उस समय राज्य में कुल 6.41 करोड़ मतदाता थे, जो अब घटकर करीब 5.67 करोड़ रह गए हैं।
पांचों राज्यों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में पिछले 14 वर्षों से ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की सरकार है। इस बार भी मुकाबला मुख्य रूप से TMC और भाजपा के बीच माना जा रहा है। अगर तृणमूल कांग्रेस जीतती है तो ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री बन सकती हैं।
असम
असम में पिछले 10 वर्षों से भाजपा की सरकार है और पार्टी तीसरी बार सत्ता में आने की तैयारी में है। भाजपा ने 126 सीटों में से 100 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। दूसरी ओर कांग्रेस ने भाजपा को चुनौती देने के लिए 10 दलों के साथ गठबंधन किया है।
तमिलनाडु
तमिलनाडु की राजनीति लंबे समय से क्षेत्रीय दलों के इर्द-गिर्द रही है। यहां पिछले करीब 60 वर्षों में भाजपा या कांग्रेस की सरकार नहीं बनी है। भाजपा के AIADMK के साथ गठबंधन की संभावना जताई जा रही है, जबकि अभिनेता विजय की पार्टी TVK भी इस बार चुनाव मैदान में उतर चुकी है।
केरल
केरल देश का इकलौता राज्य है जहां फिलहाल वाम मोर्चा (LDF) की सरकार है। यहां आमतौर पर हर चुनाव में सत्ता बदलने की परंपरा रही है, लेकिन 2021 में LDF ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाकर इस ट्रेंड को तोड़ा था। कांग्रेस इस बार एंटी-इनकम्बेंसी का फायदा उठाने की कोशिश करेगी।
पुडुचेरी
पुडुचेरी में 2021 में कांग्रेस सरकार गिरने के बाद AINRC और भाजपा के गठबंधन ने सत्ता हासिल की थी और एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री बने थे। इस बार कांग्रेस, DMK के साथ मिलकर वापसी की कोशिश कर रही है।



