
रांची, 20 फरवरी 2025 – Delhi Public School रांची के विवेकानंद सभागार में कक्षा नर्सरी एवं प्रेप के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा वार्षिकोत्सव ‘बोगनविलिया’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस रंगारंग कार्यक्रम में बच्चों की मासूमियत, ऊर्जा और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिला।
Delhi Public School Ranchi: ‘गिगल्स’ और ‘हाइलैंडर्स’ की रंगारंग प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। ‘गिगल्स’ शीर्षक के अंतर्गत नर्सरी के बच्चों ने अपने नृत्य और संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनकी प्रस्तुति बाल्यकाल की निश्छलता और कोमल भावनाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश देती रही। वहीं, प्रेप के विद्यार्थियों ने ‘हाइलैंडर्स’ शीर्षक के तहत इंडोर और आउटडोर खेलों से प्रेरित नृत्य और अभिनय का प्रदर्शन किया। कबड्डी, लूडो जैसे पारंपरिक खेलों के महत्व को उकेरते हुए बच्चों ने जीवन में खेलों की भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर विद्यालय पत्रिका ‘DIPS TIME’ 2023-24 का लोकार्पण भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की उपलब्धियाँ और रचनात्मक अभिव्यक्तियाँ प्रकाशित की गई हैं।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि श्री मोहम्मद अर्शी, आई.पी.एस., कमांडेंट (JAP-07, हजारीबाग) तथा विशिष्ट अतिथि श्री बादल राज, DSE रांची उपस्थित रहे। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. झा ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वासपूर्ण प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें अनुशासन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य के सफल नेतृत्वकर्ता बताया। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद ज्ञापन दिया गया, जिसके साथ सभागार तालियों की गूंज से भर उठा।




