पटना मरीन ड्राइव पर मुठभेड़, शार्प शूटर अमित कुमार के पैर में लगी गोली

पटना के मरीन ड्राइव पर शनिवार तड़के पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई।

पटना मरीन ड्राइव पर मुठभेड़, शार्प शूटर अमित कुमार के पैर में लगी गोली

पटना: राजधानी पटना के मरीन ड्राइव पर शनिवार तड़के पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक शार्प शूटर के पैर में गोली लगी है। घायल अपराधी की पहचान वैशाली निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है, जिसका लंबा आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है।

पुलिस टीम पर की फायरिंग

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि अमित मरीन ड्राइव इलाके से गुजर रहा है। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

घायल अवस्था में उसे तत्काल पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है। मौके पर टाउन डीएसपी, डीआईयू और एसटीएफ की टीम मौजूद रही। पुलिस ने पूरे इलाके को बैरिकेड कर दिया है और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

कोर्ट में हत्या की साजिश का आरोपी

पुलिस के अनुसार, अमित एक शार्प शूटर है। 27 जनवरी 2025 को पटना सिविल कोर्ट में पेशी के लिए आए सुबोध सिंह गैंग के रोशन ततीया की हत्या की साजिश में उसका नाम सामने आया था।

उस दिन दो हथियारबंद अपराधियों ने कोर्ट परिसर में घुसने की कोशिश की थी। चेकिंग के दौरान पीयूष नामक अपराधी पकड़ा गया, जबकि अमित फरार हो गया था। पूछताछ में पीयूष ने बताया था कि अमित उसे बाइक से कोर्ट लेकर आया था।

गैंग और सुपारी की जांच

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अमित ने किस गैंग से सुपारी ली थी और उसके अन्य सहयोगी कौन हैं। लंबे समय से फरार चल रहे अमित की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

आज तड़के मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और सुरक्षा के बीच इलाज जारी है।

Exit mobile version