“महिला आरक्षण पर सियासत तेज: Congress बोली BJP बना रही फर्जी नैरेटिव”

“‘महिलाओं को गुमराह कर रही भाजपा’: महानगर कांग्रेस का बड़ा आरोप”

रांची | 19 अप्रैल 2026: महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। रांची स्थित प्रदेश Congress कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस के उपाध्यक्ष गौतम उपाध्याय ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा देशभर में एक “नैरेटिव” तैयार कर रही है, जिसके जरिए जनता को गुमराह किया जा रहा है।

“महिलाओं को ठगने का काम कर रही भाजपा”: Congress

गौतम उपाध्याय ने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के नाम पर भाजपा महिलाओं और उनसे जुड़े संगठनों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 2023 में संसद में यह अधिनियम पारित हो चुका था, तो फिर संशोधन के साथ दोबारा विशेष सत्र बुलाने की क्या जरूरत पड़ी।

“आरएसएस में महिलाओं की भागीदारी पर सवाल”: Congress

उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का जिक्र करते हुए पूछा कि संघ में महिलाओं की एंट्री कब सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां महिलाओं को मुख्यमंत्री पद पर पर्याप्त प्रतिनिधित्व क्यों नहीं दिया जाता।

“आचार संहिता के दौरान पीएम के संबोधन पर सवाल”: Congress

गौतम उपाध्याय ने चुनावी राज्यों में लागू आचार संहिता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यह चुनावी निष्पक्षता के लिहाज से उचित नहीं है।

“कांग्रेस को बदनाम करने की साजिश”

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराकर एक सुनियोजित रणनीति के तहत अपनी राजनीतिक छवि मजबूत करना चाहती है। यह पूरी तरह से जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। इस प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश सचिव शहबाज़ अहमद, जगरनाथ साहू, बिनीता पाठक, अर्चना मिर्धा, विजय सिंह, फातिमा साहिबा, सुनीता रवि और अफ्तारी बेगम सहित कई नेता मौजूद रहे।

महिला आरक्षण का मुद्दा अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन चुका है। एक ओर भाजपा इसे ऐतिहासिक कदम बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे “नैरेटिव की राजनीति” करार देते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठा रही है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा और अधिक गरमा सकता है।

 

ये भी पढ़े: Jharkhand News: रांची दुष्कर्म केस में सभी आरोपी गिरफ्तार, एक ने कोर्ट में किया सरेंडर

Exit mobile version