पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) 15 सितंबर को बिहार के पूर्णिया में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के साथ-साथ राज्य को नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन और एक नई रेल लाइन सहित कई अहम परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
PM Modi News: पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन
प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में पूर्णिया एयरपोर्ट से विमान सेवा की औपचारिक शुरुआत करेंगे। एयरपोर्ट का काम अंतिम चरण में है, जिसका लक्ष्य 10 सितंबर तक पूरा करना है। इस एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई समेत देश के अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ानें संचालित होंगी। इससे सीमांचल क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के निवासियों को भी फायदा मिलेगा।
PM Modi News: पूर्णिया से पटना तक वंदे भारत एक्सप्रेस
पीएम मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया और पटना के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन से होते हुए दानापुर तक चलाई जाएगी। इस सेमी-हाई स्पीड ट्रेन की शुरुआत की लंबे समय से मांग की जा रही थी।
PM Modi News: सीमांचल को मिलेगी नई रेल लाइन
प्रधानमंत्री अपने इस दौरे में सीमांचल क्षेत्र में एक नई रेल लाइन का भी उद्घाटन करेंगे। अररिया से सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पीएम मोदी 15 सितंबर को अररिया-गलगलिया रेल लाइन का भी शुभारंभ करेंगे। इस नई रेल लाइन के शुरू होने से अररिया और किशनगंज जिले के लोगों को काफी लाभ होगा और बिहार-पश्चिम बंगाल के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।
यह भी पढ़े: Jharkhand Vidhan Sabha मानसून सत्र, शिबू सोरेन के लिए भारत रत्न की मांग
