
रांची से लापता मासूम अदिति का अब तक नहीं मिला सुराग, सूचना देने वाले को 1 लाख रुपये इनाम
रांची: राजधानी रांची के कोकर इलाके से लापता हुई मासूम अदिति का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। 9 मई से गायब बच्ची की तलाश में पुलिस लगातार जांच और सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सूचना देने वालों के लिए घोषित इनाम राशि बढ़ाकर अब 1 लाख रुपये कर दी है।
पहले 50 हजार था इनाम
पुलिस ने शुरुआत में अदिति के बारे में जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की थी। हालांकि कई दिनों की जांच और सर्च अभियान के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल सका, जिसके बाद इनाम राशि दोगुनी कर दी गई।
एनडीआरएफ ने फिलहाल रोका सर्च अभियान
मामले में कई दिनों तक एनडीआरएफ की टीम द्वारा भी सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि फिलहाल एनडीआरएफ ने अपना अभियान रोक दिया है। दूसरी ओर पुलिस लगातार इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
अदिति के परिजन भी थाने पहुंचकर पुलिस के साथ फुटेज की जांच कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी कैमरे में ऐसा कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला है जिससे बच्ची तक पहुंचा जा सके।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर संभावित एंगल से की जा रही है। स्थानीय लोगों में भी बच्ची को लेकर चिंता और बेचैनी बनी हुई है। इलाके के लोग लगातार अदिति की जल्द सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि मामले की जांच गंभीरता से जारी है और जल्द ही कोई अहम जानकारी सामने आने की उम्मीद है।



