झारखंड में वन विभाग की सुस्ती बर्दाश्त नहीं, प्राकृतिक संपदा से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : सीएम
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा, वन और जैव विविधता के संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य की हरित विरासत की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें कोताही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संरक्षण कार्यों में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी रणनीति तैयार कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों का संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।
विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाएं जरूरी हैं, लेकिन इनके कारण पर्यावरण को नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक एवं सतत दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश दिया।
बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान
बैठक में राज्य का हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए व्यापक पौधरोपण अभियान चलाने और लगाए गए पौधों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और विकास की भी प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए।
अवैध कटाई और तस्करी पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने वनों की अवैध कटाई, लकड़ी की तस्करी और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध बिना किसी ढिलाई के कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदा राज्य की अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
