झारखंड में होली को लेकर हाई अलर्ट, स्पेशल ब्रांच ने जारी किए कड़े निर्देश
रांची: आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों के डीसी और एसपी को पत्र भेजकर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस वर्ष तीन मार्च को होलिका दहन और चार मार्च को होली मनाई जाएगी। साथ ही वर्तमान में मुस्लिम समुदाय का पवित्र रमजान माह भी चल रहा है। ऐसे में प्रशासन को सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर नजर
स्पेशल ब्रांच ने फेसबुक, व्हाट्सएप समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
नफरत फैलाने वाले ग्रुप एडमिन के नाम और मोबाइल नंबरों की सूची तैयार करने को कहा गया है। साथ ही दूसरे समुदाय के लोगों पर जबरन रंग डालने या धार्मिक स्थलों के पास हुड़दंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा
साल 2021 से 2025 के दौरान होली पर हुई सांप्रदायिक घटनाओं का डेटा तैयार करने को कहा गया है। जिन इलाकों में पहले लाउडस्पीकर या डीजे को लेकर विवाद हुआ है, वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
होलिका दहन के दौरान झोपड़ी, गुमटी या दुकानों में आग लगाने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सघन गश्ती की जाएगी। अवैध और नकली शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शांति समिति की बैठकें और चेकिंग अभियान
जिला और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें आयोजित कर स्थानीय स्तर पर संभावित विवादों का समाधान करने को कहा गया है। पशु तस्करी, अवैध पशुवध और प्रतिबंधित मांस की बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नशे में तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। त्योहार की समाप्ति तक पुलिस बलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन की प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा और शांति कायम रखना है।
