Jharkhand News: पलामू के चैनपुर में डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, युवक गंभीर रूप से झुलसा
पलामू हादसा: डीजल टैंकर में आग लगने से युवक बुरी तरह झुलसा
admin
Jharkhand News
Jharkhand News: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के दोकरा इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। एक स्टोन माइंस में खड़े डीजल टैंकर में अचानक आग लगने से वहां मौजूद एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान रामप्रवेश गुप्ता के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार रात करीब आठ बजे अचानक डीजल टैंकर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान मौके पर मौजूद रामप्रवेश गुप्ता आग की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया और घायल युवक को तत्काल मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।