Dhanbad से अमेरिका तक प्रताड़ना की कहानी, NRI पति ने कार के लिए की मारपीट, बेटे को भी छीन लिया

Dhanbad: भूली निवासी एक विवाहिता ने अपने एनआरआई पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की शिकायत सरायढेला थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद से शुरू हुआ उत्पीड़न

नेहा कुमारी, जो भूली ई ब्लॉक ओल्ड टाइप क्वार्टर की रहने वाली हैं, ने शिकायत में बताया कि उनके पति नितिन सिंह और ससुराल पक्ष ने 30 लाख रुपये नकद और होंडा सिटी कार की मांग को लेकर उन्हें लगातार प्रताड़ित किया।

नेहा का विवाह 14 दिसंबर 2022 को हुआ था। शादी में उनके पिता अरविंद शर्मा ने 10 लाख रुपये नकद और 15 लाख रुपये के जेवरात दिए थे। नितिन उस समय अमेरिका में इंजीनियर थे, हालांकि अब वह धनबाद लौट आए हैं।

अमेरिका में भी नहीं थमा अत्याचार

नेहा के मुताबिक, शादी के एक महीने बाद ही ससुराल में दहेज को लेकर मारपीट और गाली-गलौज शुरू हो गया। नितिन अमेरिका लौट गए, लेकिन ससुराल वालों ने उन्हें घर से निकाल दिया। नवंबर 2023 में जब नितिन उन्हें अमेरिका ले गए, तब भी वहां प्रताड़ना जारी रही। कुछ महीनों बाद नेहा वापस भारत लौट आईं। सितंबर 2024 में उन्होंने एक पुत्र को जन्म दिया। इस बीच उनके पिता का निधन भी हो गया।

हिस्सेदारी का दबाव और हिंसा

नेहा का आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार उनके मायके की संपत्ति में हिस्सेदारी के लिए दबाव बना रहा था। इसी क्रम में 7 अप्रैल को उनकी मां उनसे मिलने और सुलह की कोशिश के लिए ससुराल पहुंची, जहां उन्हें और नेहा को कमरे में बंद कर मारपीट की गई।

नेहा बताती हैं कि मारपीट के दौरान उनका छह महीने का बेटा भी छीन लिया गया। किसी तरह वह भागकर सरायढेला थाना पहुंचीं, जहां पुलिस ने उनकी और उनकी मां की चिकित्सकीय सहायता कराई।

इन पर लगा है आरोप

नेहा की प्राथमिकी में पति नितिन सिंह, ससुर सत्यनारायण चौधरी, सास मीना देवी, देवर पीयूष सिंह और ननद पूजा सिंह को नामजद किया गया है।

फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

 

 

 

 

यह भी पढ़े: मुख्य चुनाव आयुक्त Gyanesh Kumar, 3 दिवसीय झारखंड दौरे पर

Exit mobile version