Patna: IPL 2026 में बिहार के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद अब राज्य की अपनी आईपीएल टीम बनाने की मांग तेज हो गई है। वेदांता ग्रुप के चेयरमैन और उद्योगपति Anil Agarwal ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिहार की खुद की आईपीएल टीम बनाने की वकालत की है। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति और खेल जगत में नई बहस शुरू हो गई है।
अनिल अग्रवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स की तरह “बेमिसाल बिहार” की भी अपनी टीम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार की मिट्टी ने देश को कई बेहतरीन क्रिकेटर दिए हैं, लेकिन अब तक राज्य को क्रिकेट में वह पहचान नहीं मिल पाई, जिसका वह हकदार है।
उन्होंने बिहार के खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि पटना के Ishan Kishan ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाया, जबकि समस्तीपुर के युवा खिलाड़ी Vaibhav Suryavanshi और गोपालगंज के Saqib Hussain ने भी आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर देशभर का ध्यान खींचा है।
“बिहार की टीम दुनिया की बेस्ट टीम होगी”: IPL
अनिल अग्रवाल ने कहा कि अगर बिहार के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और सही मंच मिले, तो राज्य की टीम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीमों में शामिल हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार सिर्फ उनके लिए एक राज्य नहीं बल्कि एक इमोशन है और अब समय आ गया है कि यहां की प्रतिभा मैदान पर दिखे। उन्होंने बिहार के युवाओं और क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग देने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया समर्थन: IPL
वेदांता चेयरमैन के इस बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि वे इस सोच से पूरी तरह सहमत हैं और बिहार सरकार क्रिकेट को लेकर “मिशन मोड” में काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के क्रिकेट इमोशन को नई पहचान देने के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है और सभी पक्षों के सहयोग से सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
पटना से लंदन तक का सफर
पटना में जन्मे अनिल अग्रवाल आज देश के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाते हैं। Vedanta Limited के संस्थापक अनिल अग्रवाल को “मेटल किंग” के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने बेहद साधारण परिवार से निकलकर कारोबार की दुनिया में बड़ा मुकाम हासिल किया। शुरुआती संघर्षों के बाद उन्होंने वेदांता ग्रुप की स्थापना की, जो आज दुनिया की बड़ी मेटल कंपनियों में शामिल है।
अब उनका बिहार के लिए आईपीएल टीम का सपना सोशल मीडिया से निकलकर राजनीतिक और खेल गलियारों तक पहुंच चुका है। ऐसे में आने वाले दिनों में बिहार की अपनी आईपीएल टीम को लेकर चर्चा और तेज होने की संभावना है।