हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद CM हेमंत का बड़ा एक्शन,

जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP हटाए गए

हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद बड़ा प्रशासनिक एक्शन, जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP हटाए गए

 

रांची: जमशेदपुर में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और अपराध नियंत्रण में कमी को देखते हुए जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया गया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध (वेटिंग फॉर पोस्टिंग) कर दिया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य में जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बड़े अधिकारियों को क्षेत्र में कैंप करने का निर्देश

 

सरकार ने जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर तैनात किया है। चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को प्रभावित क्षेत्र में लगातार कैंप करने तथा प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है।

 

इसके अलावा कोल्हान रेंज के डीआईजी को भी जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की प्रत्यक्ष निगरानी करने का आदेश दिया गया है।

 

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश

 

मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय की जाएगी। सरकार का उद्देश्य क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम लोगों के बीच सुरक्षा का विश्वास बहाल करना है।

 

सरकार का मानना है कि वरिष्ठ अधिकारियों की लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाया जाएगा।

Exit mobile version