झारखंड में बड़ा नक्सल ऑपरेशन: हजारीबाग-चतरा सीमा पर 4 नक्सली ढेर, जिला लगभग नक्सलमुक्त
CRPF-STF की संयुक्त कार्रवाई में 4 नक्सली ढेर, भारी हथियार बरामद
admin
Jharkhand News
झारखंड में ‘ऑप्स कोटिनीर’ की बड़ी कामयाबी: 4 नक्सली ढेर, हजारीबाग लगभग नक्सलमुक्त घोषित
रांची/हजारीबाग: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली है। हजारीबाग–चतरा सीमावर्ती खपिया जंगल क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन ‘Ops KotiNeer’ के दौरान सुरक्षा बलों ने चार वांछित नक्सलियों को मार गिराया। इस कार्रवाई के बाद हजारीबाग जिले को लगभग नक्सलमुक्त घोषित किया जा रहा है। यह मुठभेड़ शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे हुई।
इस ऑपरेशन में CRPF, झारखंड पुलिस और STF की संयुक्त टीम शामिल थी। अभियान की निगरानी IG CRPF साकेत कुमार सिंह, STF के IG अनुप बिरथरे और ऑपरेशन IG माइकल एस राज के नेतृत्व में की गई।
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 2 AK-47 राइफल, 1 इंसास राइफल और अन्य अत्याधुनिक हथियार शामिल हैं।
कुख्यात नक्सली सहदेव महतो ढेर
मारे गए नक्सलियों में कुख्यात उग्रवादी सहदेव महतो भी शामिल है, जो क्षेत्रीय कमेटी का सदस्य था और लंबे समय से बोकारो व आसपास के इलाकों में सक्रिय था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उसे सजा भी हो चुकी थी। हालांकि, वर्ष 2014 में चाईबासा जेल ब्रेक के बाद वह फरार हो गया था और तब से सुरक्षाबलों के निशाने पर था।
हजारीबाग लगभग नक्सलमुक्त
IG CRPF साकेत कुमार सिंह के अनुसार, इस ऑपरेशन में चार नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जिनमें कुछ पर लाखों रुपये का इनाम भी घोषित था। उन्होंने कहा कि इस बड़ी सफलता के बाद हजारीबाग जिला अब लगभग नक्सलमुक्त हो चुका है।
आत्मसमर्पण की अपील
IG साकेत कुमार सिंह ने कहा कि झारखंड में नक्सलवाद अब खत्म होने की कगार पर है। उन्होंने शेष नक्सलियों से अपील की कि वे जल्द आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आएं, ताकि अपने जीवन को नई दिशा दे सकें।
सुरक्षाबलों के अनुसार सारंडा क्षेत्र में भी लगातार अभियान जारी है। हालांकि, वहां फिलहाल किसी मुठभेड़ की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य को पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाने तक यह अभियान जारी रहेगा